मेदिनीनगर। मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर भजनिया स्थित नागाबाबा मंदिर के पास सोमवार सुबह में बाइक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बटउआ गांव निवासी उदेश राम के पुत्र रोहित कुमार के रूप में किया गया है। बाइक पर उसके साथ किसुंडीह टोला निवासी स्वर्गीय जटू राम का पुत्र लेदा रजवार था। जिसका माथा फट गया है। दोनों बाइक से मोहम्मदगंज से घर लौट रहे थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही टेंपो से टक्कर हो गई। रोहित के गले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक अपने ननिहाल मोहम्मदगंज के रामनगर में रहता था।

घायलों को स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाने के लिए एम्बुलेंस को फोन किया गया लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 को भी फोन किया गया। जहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। इस घटना पर ग्रामीणों कहा कि हादसे के बाद 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस आपात सेवा पर कई बार कॉल किया गया। लेकिन जवाब नहीं मिला। बाद में थाने के मोबाइल नंबर पर सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आपात सेवाओं की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले एक माह में भजनिया मल्होरी टोला से सबनवा मोड़ तक कई हादसे हो चुके हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी बड़ी वजह है। ग्रामीणों ने मुख्य पथ पर गति नियंत्रण नियमित निगरानी और आपात सेवाओं को दुरुस्त करने की मांग किया।