चतरा। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मंगलवार को एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव के ही मोहम्मद इमरोज़ के रूप में हुई है, जिस पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा था।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम को एक नाबालिग युवती शौच के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान इमरोज़ ने उसका अपहरण कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह किसी तरह अपने घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

आशंका और गुस्से से भड़के पीड़िता के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी इमरोज़ को उसके घर से खींचकर बाहर निकाला। उग्र भीड़ ने उसे सड़क पर घसीटते हुए पत्थरों और लाठी-डंडों से इस कदर पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए आरोपी के पिता के साथ भी मारपीट की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टंडवा के एसडीपीओ प्रभात बरवार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक इमरोज़ आदतन अपराधी था। उस पर वर्ष 2023 में भी एक नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा था और वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। घटना के बाद से टंडवा इलाके में भारी तनाव बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।