चतरा। टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में हुए मो. इमरोज हत्याकांड मामले में चतरा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने टंडवा थाना में पदस्थापित दो पुलिस पदाधिकारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में पुअनि सुनील सिंह, मपुअनि दुलारी पूर्ति, आरक्षी 505 दशरथ महतो और आरक्षी 613 प्रदीप कुमार शामिल हैं। इन सभी पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है।

मामला टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव का है, जहां एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट की थी। इस घटना में घायल मो. इमरोज खान की इलाज के दौरान हजारीबाग सदर अस्पताल में मौत हो गई थी।

चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मारपीट की घटना सामने आने के बाद टंडवा एसडीपीओ प्रभात कुमार के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई थी। जांच टीम ने वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट सौंपी।

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि पुलिसकर्मियों द्वारा मो. इमरोज को बचाने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किया गया, जो उनके कर्तव्यों के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही से चतरा पुलिस की छवि प्रभावित हुई है। एसपी ने बताया कि निलंबन अवधि में सभी पुलिसकर्मियों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, चतरा रहेगा। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि इस हत्याकांड मामले में पुलिस अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।