जमशेदपुर । शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने चमरिया गेस्ट हाउस पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और अन्य लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीद निर्मल महतो को नमन किया।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि निर्मल महतो का संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंड के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने राज्य के लोगों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी युवाओं तथा समाज को प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाने के लिए जल, जंगल, जमीन, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनकी संघर्ष की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

विधायक ने कहा कि निर्मल महतो का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी शहादत झारखंड की अस्मिता और अधिकारों के लिए संघर्ष करने वालों को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।