जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में नकली विदेशी शराब की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब के साथ भारी मात्रा में शराब निर्माण और पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई।

सहायक आयुक्त उत्पाद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बिट्टू कुमार महतो के अर्धनिर्मित मकान से करीब 70 लीटर तैयार रंगीन नकली विदेशी शराब तथा दो कार्टन में रखी करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब बरामद हुई।

छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, ढक्कन, शराब की बोतलों पर लगाने वाले फ्रंट एवं रियर लेबल, कैरामेल, नकली उत्पाद आसंजक सहित बड़ी मात्रा में शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

मामले में रिफ्यूजी कॉलोनी, संकोसाई रोड नंबर-1 निवासी बिट्टू महतो के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत एवं कठोर धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है।

उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध एवं नकली शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।