जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने सन शाइन कॉम्प्लेक्स एवं एट्रीयम सोसाइटी का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान निवासियों ने जल जमाव, बिजली के पोल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने बरसात में जल निकासी की खराब व्यवस्था के कारण हो रहे जल जमाव पर चिंता जताई और संबंधित अभियंताओं को तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। बिजली के पोल से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर भी विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मेयर ने स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, अभियंता और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
