हजारीबाग। शनिवार की रात शहर के हुरहुरु स्थित बाबा पथ काली मंदिर के समीप एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां स्थित केटीएम शोरूम एवं सर्विसिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि शोरूम और सर्विसिंग सेंटर के अंदर रखे कई दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आकर जल गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस दुर्घटना में करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि प्रशासनिक या आधिकारिक तौर पर इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अंदर रखा अधिकांश सामान और वाहन जल चुके थे।
