रामगढ़। गिद्दी क्षेत्र में शनिवार देर रात दो नकाबपोश अपराधियों ने सीसीएलकर्मी मंगलेश पाल की उनके क्वार्टर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के दौरान अपराधियों ने उनकी पत्नी सोनाली को बंधक बनाकर घर से जेवरात और दो मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सीसीएल की आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत मंगलेश पाल शनिवार रात अपनी पत्नी सोनाली के साथ क्वार्टर में थे। तभी दो नकाबपोश अपराधी घर में घुसे। उन्होंने सोनाली के हाथ बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर मंगलेश पाल की हत्या कर दी और जेवरात व दो मोबाइल लेकर फरार हो गए।

बताया जाता है कि सोनाली बिहार के गया स्थित अपने मायके गई थीं और घटना से दो दिन पहले ही गिद्दी लौटी थीं। इस कारण पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि अपराधियों को परिवार की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी या नहीं।

मंगलेश पाल कुछ दिन पहले वॉलीबॉल खेलने के दौरान पैर में फ्रैक्चर होने के कारण घर पर ही थे। वारदात में जेवरात और मोबाइल ले जाने के बावजूद पुलिस हत्या के पीछे संभावित पुरानी रंजिश और अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

गिद्दी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए जांच जारी है।