चाईबासा। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रयासों के बाद पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड ने प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी दी है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

डॉ. वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर में महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। इसके बाद रेल मंत्रालय ने 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को परिचालन व्यवहार्यता की जांच के निर्देश दिए थे।

लगातार प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव मंजूर किया। बोर्ड ने सुविधाजनक तिथि से ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया है।

डॉ. वर्मा ने रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। ठहराव से यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही मनोहरपुर और आसपास के औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्रों की गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

क्षेत्रवासियों ने रेलवे बोर्ड के निर्णय का स्वागत करते हुए डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रति आभार जताया और इसे जनहित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।