चाईबासा। चाईबासा जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाभी से गलत संबंध बनाने की कोशिश का विरोध करने पर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड का खुलासा कर दिया है और मृतक के भाई व भाभी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर को टोंटो थाना क्षेत्र के ग्राम टेंसरा के ग्रामीण मुंडा ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के लोबापी टोला निवासी परमस हेम्ब्रम के घर में उनके लगभग 27 वर्षीय पुत्र जुएल हेम्ब्रम की हत्या कर दी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। अनुसंधान के दौरान दोनों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सामने आया कि 20 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे जुएल हेम्ब्रम ने अपनी भाभी शुरू कुई के साथ गलत संबंध बनाने का प्रयास किया था। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो विवाद काफी बढ़ गया।

आरोप है कि इसी दौरान शुरू कुई ने गुस्से में आकर लकड़ी के पीढ़ा और लोहे के साबल से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी। इस संगीन मामले में जांच के दौरान मृतक के भाई की भी संलिप्तता पाई गई, जिसके बाद उसे भी आरोपी बनाया गया।