रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय में मंगलवार को हड़कंप मच गया, जब अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली की शिकायतों के आधार पर की गई है। छापेमारी के बाद देर रात अध्यक्ष एल ख्यांग्ते ने इस्तीफा दे दिया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व रांची के सिटी एसपी ने किया। उनके साथ कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात रहे। सुरक्षा के लिहाज से पूरे जेपीएससी मुख्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया और परिसर को चारों तरफ से घेर लिया गया। जांच के दौरान किसी भी गड़बड़ी या दस्तावेजों से छेड़छाड़ को रोकने के लिए कर्मचारियों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई थी।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां आयोग के महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल डेटा को खंगाल रही हैं। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क, मेरिट लिस्ट से जुड़े रिकॉर्ड और संदिग्ध फाइलों का गहन परीक्षण किया जा रहा है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके।
बताया जा रहा है कि सीआईडी और पुलिस को जेपीएससी की कुछ पिछली परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रियाओं में भी नियमों के उल्लंघन और अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं। संयुक्त टीम उन मामलों से जुड़ी फाइलों की भी पड़ताल कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक आयोग कार्यालय में जांच प्रक्रिया जारी है। जांच एजेंसियों या पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
