चतरा। जिले की पुलिस ने सोमवार देर शाम एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा(माओवादी) के दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों उग्रवादी जोनल कमांडर मनोहर गंझू दस्ते के सदस्य हैं और किसी बड़ी नक्सली वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र की ओर से उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने चतरा सदर थाना क्षेत्र के भुइयांडीह इलाके में आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बलवादोहर गांव के समीप त्वरित कार्रवाई करते हुए सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वे जोनल कमांडर मनोहर गंझू के निर्देश पर मालवाहक वाहनों में आगजनी और गोलीबारी करने जा रहे थे।
गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान सुरेन्द्र गंझू (22 वर्ष) और संजय गंझू (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उग्रवादियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, 5 राउंड जिंदा कारतूस, 1 लीटर पेट्रोल, माचिस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी सुरेन्द्र गंझू का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर चतरा सदर और लातेहार जिले के बरियातू थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
इस मामले में प्रतापपुर थाने में कांड संख्या 69/26 (दिनांक 04.08.2026) के तहत बीएनएस, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
