बेरमो। सीसीएल बीएंडके क्षेत्र में अवैध कोयला चोरी के खिलाफ सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। कारो स्थित नई खुली खदान के पास छापेमारी में 100.80 टन अवैध कोयला और सैकड़ों बाइक जब्त की गई।
यह अभियान सीसीएल बीएंडके के महाप्रबंधक एस.के. झा के मार्गदर्शन में एमएमडीआर एक्ट के तहत चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा किया गया कोयला बरामद हुआ।
जब्त किए गए कोयले को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कारो प्रबंधन को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई के बाद कोयला चोरी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध कोयले के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।
महाप्रबंधक एस.के. झा ने कहा कि केंद्रीय कोयला मंत्री और सीआईएसएफ स्तर पर इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही अवैध कोयला चोरी पर प्रभावी अंकुश लगेगा और वैध खनन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और रैयतों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और सीआईएसएफ के समन्वय से अवैध खनन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
