रामगढ़। जिले के तोपा-बनवार क्षेत्र में शनिवार को सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 से अधिक बोरा अवैध कोयला जब्त किया। भारत सरकार के निर्देश पर रांची मुख्यालय से पहुंची टीम ने छापेमारी कर जंगल-झाड़ियों में छिपाकर रखा गया कोयला बरामद किया।
कार्रवाई में सीआईएसएफ के डीआईजी सुमन सिंह, कमांडेंट अमित कुमार और डिप्टी कमांडेंट अरविंद पांडे समेत सीआईएसएफ कुजू क्षेत्र के सुरक्षाकर्मी शामिल रहे। बताया गया कि अवैध खदानों से कोयला निकालकर जंगल में जमा किया जाता था। वहीं बनवार झोपड़पट्टी के आसपास कच्चे कोयले को पोड़ा बनाकर बाहर की मंडियों में भेजे जाने की भी सूचना है।
छापेमारी के दौरान अवैध माइंस भी मिले, जहां मजदूरों से कोयले की कटिंग कराई जा रही थी। जब्त कोयले को तोपा परियोजना के डंप में भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। मौके पर परियोजना प्रबंधन और सुरक्षा विभाग के कई अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।
