जमशेदपुर। जमशेदपुर में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में स्टार टॉकीज और आशीर्वाद होटल के पीछे टाटा स्टील की जमीन पर बनी 17 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया गया।

यह कार्रवाई अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। बताया जा रहा है कि टाटा स्टील ने इस सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर खुद कब्जा हटाने का समय दिया था, लेकिन मियाद पूरी होने के बाद भी दुकानें नहीं हटाई गईं।

प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसी कड़ी में साकची थाना क्षेत्र में भी चिह्नित जमीनों से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की गई है।