हजारीबाग। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की विशेष टीम ने सरकारी, वन एवं गैरमजरूआ खास किस्म की जमीनों की अवैध खरीद-बिक्री और गलत तरीके से दाखिल-खारिज करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने बुधवार (7 अक्टूबर) को छापामारी कर भूमि बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचानविशेश्वर प्रजापति (68 वर्ष, पिता- स्व० महावीर प्रजापति), शंकर प्रजापति (62 वर्ष, पिता- स्व० महावीर प्रजापति) और रामगति गुप्ता (61 वर्ष, पिता- स्व० रामेश्वर साव) के रूप में हुई है। तीनों नयाखाप टोला मुकुंदगंज, थाना- मुफस्सिल, जिला- हजारीबाग के रहनेवाले हैं। यह मामला तत्कालीन अंचलाधिकारी, अंचल निरीक्षक, कर्मचारी और स्थानीय भू-माफियाओं के खिलाफ दर्ज है। इन पर आरोप है कि इन्होंने आपसी मिलीभगत से वन भूमि, सरकारी जमीन और गैरमजरूआ खास जंगल भूमि का फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से हस्तांतरण, बिक्री और म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) कराया।

एसीबी के अनुसार इस घोटाले में शामिल तत्कालीन अंचलाधिकारी समेत कई अन्य सरकारी अधिकारियों, भू-माफियाओं, खरीदारों और विक्रेताओं को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।