गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह गांव में शुक्रवार दोपहर सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मी शंकर पाठक के घर के बाहर तेज धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि घर के कई शीशे टूट गए। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट किसी बम के कारण हुआ या पटाखे से।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जितवाहन और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कांग्रेस नेता ऋषिकेश मिश्रा और सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उपाध्याय सहित कई लोग भी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, शंकर पाठक घटना के समय अपने घर में मौजूद थे। धमाका घर के बाहर हुआ, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और घर के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किसी शरारती तत्व द्वारा किए गए विस्फोट की है या किसी अन्य कारण से तेज धमाका हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।