पाकुड़। झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर जिला मुख्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पुराना डीसी ऑफिस चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। साथ ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस चौक का नाम बदलकर आधिकारिक रूप से 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक' कर दिया गया।
प्रतिमा अनावरण के उपरांत कृषि बाजार समिति परिसर में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई, जिसमें जिलेभर से भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हिस्सा लिया।
प्रतिमा का अनावरण झामुमो के वरिष्ठ विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, विधायक हेमलाल मुर्मू, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, डीएफओ, एसडीओ, झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम तथा झामुमो, कांग्रेस और राजद के कई नेताओं व पदाधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि दिशोम गुरु का संघर्ष और राज्य निर्माण में उनका योगदान अजर-अमर रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में गुरुजी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और उनके बताए मार्ग पर चलकर उनके सपनों का समृद्ध झारखंड बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
विधायक हेमलाल मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुजी के अधूरे सपनों और कार्यों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से इस दिन को 'संकल्प दिवस' के रूप में मनाते हुए एक सशक्त, समृद्ध और अधिकार-संपन्न झारखंड के निर्माण का प्रण लेने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार निभाते हुए एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में दर्जनों युवाओं और कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर दिशोम गुरु की स्मृति में समाजसेवा का संदेश दिया।
