रामगढ़। जिला के कुज्जू ओपी क्षेत्र में भाई से भाई के रिश्ते को शर्मसार करने की यह घटना सामने आई है। जिस भाई के साथ बचपन बीता, सुख-दुख में साथ रहने का रिश्ता था, वही रिश्ता रविवार की सुबह हत्या से खत्म हो गया। रामगढ़ जिला के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत करमा दक्षिणी पंचायत के उच्चकाहा में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की फरसा से काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना में काजरु महतो (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना इतनी भयावह थी कि हमले में उसका सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद गांव में मातम और सन्नाटा पसर गया।

बताया जाता है कि रविवार की सुबह करीब सात बजे किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बड़े भाई लखन महतो (55 वर्ष) ने फरसा से छोटे भाई काजरु महतो पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा घर और आसपास का माहौल दहल उठा। घटना की सूचना मिलते ही कुजू पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी लखन महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसा भी जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद के अलावा नौकरी में डिस्टर्ब करने को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। घटना की खबर फैलते ही उच्चकाहा में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल था कि आखिर मामूली विवाद ने भाई को भाई का कातिल कैसे बना दिया। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा की।

पुलिस ने लोगों को समझा- बुझाकर स्थिति को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया। उधर काजरु की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में पसरा मातम और परिजनों के क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो गयीं। वर्षों का भाईचारा चंद पलों में खूनी रिश्ते में बदल गया, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।