​कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के मेघातरी घाटी में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहाँ रिफाइंड तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में टैंकर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

​मिली जानकारी के अनुसार टैंकर कोलकाता के हल्दिया से कच्चा रिफाइंड तेल लादकर कोडरमा के रास्ते नेपाल जा रहा था। मेघातरी घाटी पहुँचते ही अचानक टैंकर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

​हादसे की सूचना जैसे ही आसपास के गाँवों में फैली, स्थानीय ग्रामीणों के बीच तेल ले जाने की होड़ मच गई। लोग बाल्टी, ड्रम, केन और जो भी बर्तन हाथ लगा, उसे लेकर घटनास्थल पर पहुँच गए और टैंकर से रिस रहे तेल को लूटकर चलते बने। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और लोग अपनी जान जोखिम में डालकर तेल बटोरने में जुटे रहे।

​घटना के बाद घायल चालक को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।