खूंटी। छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का असर मंगलवार को खूंटी में देखने को मिला। पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा तथा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया।
10 अगस्त को छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए नीलकंठ सिंह मुंडा ने राज्य सरकार पर हठधर्मिता और छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 18 दिनों से 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा समेत बीते 7 वर्षों की भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग शांतिपूर्ण तरीके से कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उन पर बल प्रयोग किया।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि सरकार को समय रहते छात्रों की मांगों का पारदर्शी समाधान निकालना चाहिए, अन्यथा युवा इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। इस प्रदर्शन में प्रियांक भगत, रूपेश जायसवाल और कंचन सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
