जमशेदपुर। श्री श्याम भटली परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट जमशेदपुर की ओर से पुरुलिया स्थित श्याम धाम में मासिक कीर्तन एवं बाबा श्याम का गुणगान धूमधाम से किया गया। श्री गणेश वंदना के साथ शुरू हुआ भजनों का कार्यक्रम देर रात तक चला। इससे पहले शाम आठ बजे बाबा श्याम की पूजा-अर्चना की गई।
संस्था के अध्यक्ष राजेश पसारी के नेतृत्व में जमशेदपुर, चांडिल और बलरामपुर से 115 भक्तों की टीम पुरुलिया धाम पहुंची। महोत्सव में बाबा श्याम का भव्य दरबार, छप्पन भोग, अखंड ज्योत और श्याम रसोई मुख्य आकर्षण रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भजन गायकों महावीर अग्रवाल, अर्पिता, नीरज जालान, जुगल शर्मा, लिप्पू शर्मा, सक्षम पलसानिया, लक्ष्य अग्रवाल, उमेश खीरवाल और धीरज सरायवाला ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी। ‘खीर जलेबी दाल चूरमा बाबा खावे जम के’, ‘हारे हारे हारे, तुम हारे के सहारे श्याम’, ‘खाटू बुला रहा है’, ‘कीर्तन की है रात बाबा’ और ‘सांवरा जब है साथ तो डरने की क्या है बात’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और नृत्य किया।
महोत्सव को सफल बनाने में राजेश पसारी, दीपक भालोटिया, सुधीर अग्रवाल, अनिल गोयल, प्रदीप मित्तल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, देवाशीष चौधरी, सुनीता पसारी, रितु शर्मा, खुशबू कांवटिया, शालिनी खिरवाल, निशा सिंघल, कविता अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, विनोद मित्तल समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
