बेरमो। सीसीएल बीएंडके एरिया के एकेकेओसीपी (खासमहल) से बालीडीह साइडिंग जा रहे दर्जनों लोड कोयला हाईवा को बेरमो थाना के समीप पुलिस ने रोककर जांच शुरू की। बताया गया कि हाईवा में खलासी नहीं होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को रोका गया।
सभी हाईवा खासमहल से कोयला लोड कर बालीडीह साइडिंग की ओर जा रहे थे। बेरमो थाना प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहनों की जांच की जा रही है।
हालांकि, मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन में खलासी का होना अनिवार्य नहीं है। लेकिन भारी वाहनों को तंग या भीड़भाड़ वाले रास्तों में मोड़ने, रिवर्स करने और दुर्घटना से बचाव में खलासी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।
वाहन चालकों ने बताया कि पुलिस द्वारा अक्सर वाहनों को रोककर जांच-पड़ताल की जाती है। वहीं पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
