जमशेदपुर। सावन माह की अमावस्या के अवसर पर बुधवार को जुगसलाई दुखु मार्केट के समीप सत्यनारायण मंदिर रोड स्थित शनिदेव मंदिर में शनि ग्रह शांति यज्ञ, हवन और तेलाभिषेक पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दामोदर शनि बाबा के सान्निध्य में देश की उन्नति और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर संपन्न हुआ।
पंडित अशोक शर्मा की देखरेख में पांच पंडितों ने विधि-विधान से पूजा और हवन कराया। इसके बाद शिव चर्चा का आयोजन हुआ। सुमन के नेतृत्व में अनिता, बेबी, डॉली, सपना, रानी और शिवानी समेत महिलाओं की टीम ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिलाओं ने शिव महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को शिव को गुरु मानने और उनकी भक्ति करने का संदेश दिया।
दामोदर शनि बाबा ने कहा कि सभी के गुरु एकमात्र शिव हैं। शिव भक्ति और शिव चर्चा से जीवन के दुख-कष्ट दूर होते हैं और मनुष्य का जीवन सफल बनता है। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और शनिदेव का आशीर्वाद लेकर प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर 1:30 बजे से शुरू हुआ प्रसाद वितरण शाम पांच बजे तक चला।
पूजा के दौरान हर-हर महादेव और जय शनिदेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। महिलाओं के भजन, कीर्तन और संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन को सफल बनाने में पंडित अशोक शर्मा, मेनका सरदार, बड़ेलाल दूबे, अर्चना दूबे, अरविंद मिश्रा, धर्मेंद्र शर्मा, आयुषी शर्मा, नंदकिशोर ठाकुर, प्रवीण सेठी, रामजी मिश्र समेत अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
