रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द होना जरूरी है।

​कांग्रेस प्रभारी ने बताया कि राहुल गांधी देश भर में छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। झारखंड के आंदोलन को लेकर भी राहुल गांधी ने एक छात्र नेता से फोन पर बात की थी और हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया है। पत्र में छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का समर्थन किया गया है।

​के. राजू ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए केवल कार्रवाई काफी नहीं है, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में बुनियादी सुधार की जरूरत है। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों पर बल प्रयोग या हिंसा नहीं होनी चाहिए।

​के. राजू ने बताया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने चार सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें कांग्रेस के मंत्री भी शामिल हैं। यह समिति छात्रों से सीधे बातचीत कर उनकी लंबित मांगों और समस्याओं को समझेगी।

​उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार और विद्यार्थियों के बीच संवाद से जल्द ही कोई सहमति बनेगी और आंदोलन का समाधान निकलेगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई अन्य नेता भी उपस्थित थे।