जमशेदपुर : झारखंड के दिव्यांग खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में राज्य का नाम रोशन किया है। ग्वालियर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित प्रथम सेंट्रल जोन सी.पी. फुटबॉल एवं एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने पहली बार हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया।

फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और रजत पदक हासिल किया। फाइनल मुकाबले में मेजबान मध्य प्रदेश ने झारखंड को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

एथलेटिक्स में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। देवघर के रोहित कुमार ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक, जबकि धनबाद के एम.डी. आजाद ने रजत पदक हासिल किया। वहीं राजेंद्र महतो ने लॉन्ग जंप में पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में झारखंड के 12 खिलाड़ी एवं दो कोच/टीम अधिकारी शामिल हुए। टीम का नेतृत्व मैनेजर सह कोच राजकुमार सिंह और कोच जे. बेहरा ने किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सिटी सी.पी. स्पोर्ट्स झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष पूर्वी घोष, डॉ. श्याम शर्मा एवं धीरज कुमार शर्मा ने सभी खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महासचिव राजकुमार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन झारखंड के दिव्यांग खेल प्रतिभाओं के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा है।