रांची। शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार कहा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सरकार हर स्तर पर मौजूद कमियों को दूर कर रही है और प्रभावी ढंग से सुधार के कदम उठा रही है।
बदलते दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने तकनीक की भूमिका पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ शिक्षा पद्धति में भी बदलाव आ रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नई तकनीकें शिक्षण को और अधिक सहज, प्रभावी और विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप बनाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक ऐसी नई पीढ़ी तैयार करना है जो आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से लैस हो, लेकिन साथ ही अपने नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक जड़ों से भी मजबूती से जुड़ी रहे।
