जमशेदपुर। जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन किया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय से युवाओं ने पैदल आक्रोश मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर युवाओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 14वीं जेपीएससी की सीबीआई जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग की गई।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो ने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी सभी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों और बिचौलियों पर कार्रवाई, परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सुनवाई और उत्पाद सिपाही दौड़ में मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की गई। भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने कहा कि यह सिर्फ परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य और विश्वास से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के हित में पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव, कुलवंत सिंह बंटी, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा समेत भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
