​जमशेदपुर। कोल्हान क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से जमशेदपुर में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। स्वर्णरेखा और खरखाई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है। ओडिशा के बैंगबिल डैम के तीन और चांडिल डैम के 13 फाटक खोले जाने के कारण नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे खरखाई का छोटा ब्रिज जलमग्न होने की कगार पर पहुंच गया है।

​ जमशेदपुर के बागबेड़ा (न्यू टोला), आदित्यपुर, मानगो, ओल्ड पुरुलिया रोड, भुइयांडीह, ग्वाला बस्ती और कदमा (शास्त्रीनगर) जैसे इलाकों में पानी भर चुका है। एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें बोट के जरिए जलमग्न इलाकों से लोगों को बाहर निकाल रही हैं।

​प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों, सामुदायिक भवनों और स्कूलों में शिफ्ट किया गया है, जहां राहत सामग्री बांटी जा रही है।

​प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में न जाने और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। बारिश जारी रहने पर हालात और बिगड़ने की आशंका है।