जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश सेवादल कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला सेवादल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत की अध्यक्षता में बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय 'तिलक पुस्तकालय' में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने पार्टी का चरखा छाप झंडा फहराकर शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, ध्वज गीत और 'वंदे मातरम' का गायन कर उपस्थित कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का संचार किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि सेवादल कांग्रेस पार्टी की मुख्य रीढ़ है। सेवादल के कार्यकर्ता अपने अनुशासन और निस्वार्थ सेवा कार्य के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पांच दिनों तक सच्चे मन से प्रशिक्षण प्राप्त कर संगठन को मजबूती प्रदान करें।
विशिष्ट अतिथि सह लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में सेवादल लगातार मजबूत हो रहा है। सेवादल ही पार्टी की नीतियों और संदेश को आम जनता तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करें और उन्हें देश का प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ काम करें।
जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने जिला स्तर पर इस शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पार्टी ग्राम स्तर तक मजबूत होगी। वहीं, प्रदेश सेवादल चेयरमैन नवीन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण के जरिए बड़े पैमाने पर नए लोगों को जोड़ा जाएगा और आने वाले दिनों में प्रखंड स्तर पर भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे।
जिला सेवादल चेयरमैन राजा सिंह राजपूत ने बताया कि पांच दिनों के दौरान कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष (संगठन) लक्ष्मण, महिला सेवादल अध्यक्ष रेनू मिश्रा, अमरजीत नाथ मिश्र, लक्की शर्मा, बिक्रम झा, आनंद सेनापति समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
