बोकारो। भाजपा माराफारी मंडल के तत्वावधान में सोमवार को नया मोड़ से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर जलजमाव के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया गया। सीईजे और दुग्गल गेट के समीप ओवरब्रिज के पास पिछले कई दिनों से जमा पानी के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने धान रोपनी कर प्रशासन और प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया। मंडल अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद लालू ने कहा कि यह सड़क बोकारो और बीएसएल प्रबंधन की लाइफलाइन है। इसके बावजूद सड़क पर लंबे समय से जलजमाव बना हुआ है, जिससे रोजाना हजारों मजदूरों, राहगीरों और सैकड़ों वाहनों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और मोटर पंप के जरिए जलजमाव हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए सांसद से भी आग्रह किया गया है। कार्यक्रम में निवर्तमान मंडल अध्यक्ष धनंजय चौबे, महिला मोर्चा अध्यक्ष राधा देवी, ज्ञानेश्वर प्रसाद गुड्डू, महामंत्री शिवकुमार पांडेय, रामविनय कुमार रामाधार सिंह यादव, लव तिवारी, रामबालक सिंह, देवला टुडू, मीना देवी, पूजा देवी, गणेश सिंह, संजय सिंह, नवल वर्मा, रतन लाल, द्वारिकानाथ सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आज खास
विशेष
