मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के सुदना स्थित एक घर में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पलामू एसपी कपिल चौधरी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा के मयूरभंज से 3 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पलामू और गढ़वा में चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में खरसावां, हजारीबाग और डालमियानगर के निवासी शामिल हैं। यह गिरोह दिन में बंद घरों की रेकी कर रात में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने डालमियानगर स्थित प्रमोद ज्वेलर्स से चोरी के 45 ग्राम सोने, 80 ग्राम सोने जैसे और 7.8 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी जब्त किए गए हैं। सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को सफलता पूर्वक अंजाम दिया।
