गिरिडीह। जिले के बगोदर-सरिया और खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर गला हुआ सोना, चांदी के आभूषण, नकदी, बर्तन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से सरिया, धनवार, बिरनी और बगोदर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी के कुल 13 मामलों का उद्भेदन हुआ है।

बुधवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर की रात बागोडीह में चोरी कर भाग रहे संदिग्धों का सरिया थाना और भरकट्टा ओपी की पुलिस ने पीछा किया था। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक पल्सर बाइक, मोबाइल और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए थे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। एसआईटी ने तकनीकी शाखा और खुफिया इनपुट के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए गिरोह के 7 आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कई चोरी के सामान बरामद किए हैं, जिनमें मुख्य रूप से गला हुआ सोना करीब 24.5 ग्राम, चांदी के आभूषण, नकदी 25,000 रुपये नकद, कांसा और पीतल के बर्तन, 2 गैस सिलेंडर, 2 मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल शामिल है।

पुलिस की पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर सरिया, धनवार, बिरनी और बगोदर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के कुल 13 मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित ठिकानों और संलिप्त अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।