​धनबाद।धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत साहोबहियार स्थित राजस्थानी ढाबा के समीप बुधवार सुबह नेशनल हाईवे (एनएच) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीन वाहनों की आपस में हुई भीषण टक्कर में आयशर ट्रक के चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।

​जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत तब हुई जब लोहे से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक ऑल्टो कार को टक्कर मार दी। इस टक्कर में कार सवार चार लोगों को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

​इसी दौरान पीछे से आ रहा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर ट्रक का अगला हिस्सा ट्रेलर के अंदर तक धंस गया।

​प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आयशर ट्रक चालक को नींद की झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर में ट्रक चालक और खलासी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

​घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एनएचएआई कर्मियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।