रांची। पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को हल्के व्यक्तित्व का आदमी बताया है। साथ ही उनकी किसी भी बात का जवाब देना निरर्थक कहा है। मंगलवार को रांची में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से कारण बताओ नोटिस दिया गया था। इस सन्दर्भ में उन्होंने 28 पन्नों में अपना जवाब दे दिया है। अब इस पर केशव महतो कमलेश को देखना है।

मंत्री इरफान अंसारी द्वारा उन्हें वायरस बताये जाने और उनकी हस्ती पर सवाल उठाए जाने के मुद्दे पर के एन त्रिपाठी ने कहा कि इरफान जैसे हल्के व्यक्तित्व के आदमी की किसी बात का वे क्या जवाब दें। उन्हें राजनीतिक मर्यादा का भी ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके जैसा मंत्री होना झारखंड के लिए दुर्भाग्य है। के एन त्रिपाठी के मुताबिक, पलामू में हत्याएं हो रही हैं, विधि व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंताएं हैं। ऐसे में सदन के अंदर के अलावा जो सदन के बाहर हैं, वे सरकार से सवाल करेंगे ही। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन का उन्होंने समर्थन किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के जेपीएससी में होने से पेपर लीक हो रहे हैं। छात्रों का कैरियर प्रभावित हो रहा है। सरकार को जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए।