रांची। पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें हल्के व्यक्तित्व का व्यक्ति बताया। मंगलवार को रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी जैसे मंत्री का होना झारखंड का दुर्भाग्य है और उनकी बातों का जवाब देना निरर्थक है। के एन त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब 28 सीलबंद पन्नों में सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि अब इस मामले में आगे क्या निर्णय लेना है, यह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश पर निर्भर करता है।

मंत्री इरफान अंसारी द्वारा उन्हें वायरस बताये जाने और उनकी हैसियत पर सवाल उठाए जाने के मुद्दे पर के एन त्रिपाठी ने कहा कि इरफान जैसे हल्के व्यक्तित्व के आदमी की किसी बात का वे क्या जवाब दें। उन्हें राजनीतिक मर्यादा का भी ज्ञान नहीं है|

सदन के अंदर और बाहर भी सवाल उठना जायज

के एन त्रिपाठी के मुताबिक, पलामू में हत्याएं हो रही हैं, विधि व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंताएं हैं| ऐसे में सदन के अंदर के अलावा जो सदन के बाहर हैं, वे सरकार से सवाल करेंगे ही| मंत्री इरफान को तो ऐसी स्थिति की जिम्मेदारी लेनी चाहिए कि ऐसा क्यों हो रहा है|

छात्रों की मांग जायज

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए के एन त्रिपाठी ने कहा कि छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है। उनका आरोप था कि जेपीएससी में भ्रष्ट अधिकारियों की मौजूदगी के कारण पेपर लीक जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से इस मामले में आवश्यक और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।