चतरा। हंटरगंज थाना क्षेत्र में भारतमाला परियोजना की सड़क निर्माण साइट से चोरी की गई सामग्री को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बुधवार को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि मंगलवार को भारतमाला कंपनी में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर कार्यरत सोनू कुमार शुक्ला ने हंटरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सड़क निर्माण साइट से अज्ञात चोरों ने निर्माण सामग्री चोरी कर ली है।

शिकायत के आधार पर हंटरगंज थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 18 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले के उद्भेदन के लिए थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार और अनुसंधानकर्ता सअनि सुनील कुमार दुबे के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंटरगंज थाना क्षेत्र के पचमो गांव में सूबेदार महतो, पिता स्वर्गीय बैजनाथ महतो के घर छापेमारी की। यहां से चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली गई।

पुलिस ने मौके से 8 एमएम के 6 बंडल रड (60 पीस), 10 एमएम का एक बंडल रड (10 पीस), लोहे के 6 जक बरामद किए। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या जेएच-02एवी-1882 भी जब्त किया गया। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।