पदमा (हजारीबाग)। इलाके में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे पदमा प्रखंड के सूर्यपूरा में अज्ञात बाइक सवार हमलावर ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल शिक्षक की पहचान सूर्यपूरा निवासी रामदेव कुमार मेहता (रामजय महथा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वे सूर्यपूरा मेडिकल चौक के समीप शेविंग कराने गए थे। वहां से पैदल घर लौटने के दौरान पीछे से आए एक बाइक सवार अपराधी ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी कमर में लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तेजी से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। इसके साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल शिक्षक को गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस रंजिश समेत अन्य सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है।