हजारीबाग। भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को हजारीबाग बंद के दौरान जिला परिषद चौक पर वकील सह पत्रकार बबलू कुमार के साथ कथित रूप से बदसलूकी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में सदर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, बबलू कुमार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मटवारी स्थित अपने आवास से व्यवहार न्यायालय जा रहे थे। जिला परिषद चौक पर सड़क जाम होने के कारण उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से किनारे से दोपहिया वाहन निकालने का आग्रह किया। आरोप है कि इसी दौरान 8-10 लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया।

पीड़ित ने आवेदन में कटकमसांडी के कंडसार निवासी भाजपा कार्यकर्ता बीरेंद्र ओझा पर सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आवेदन में प्रदर्शन का नेतृत्व सदर विधायक प्रदीप प्रसाद और भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह के नेतृत्व में किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। पीड़ित के अनुसार, घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने पुलिस से वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।