बोकारो। पद्म भूषण दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) के समीप विकसित दिशोम गुरु आरोग्य वन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत जिले के कई अधिकारियों ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर गुरुजी की स्मृति में विकसित आरोग्य वन को आमजनों के लिए समर्पित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन शिक्षा, सामाजिक चेतना, जनजागरण और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने गांव-गांव रात्रि पाठशाला के माध्यम से शिक्षा की अलख जगाने, नशा मुक्ति अभियान चलाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डीसी ने कहा कि झारखंड की अस्मिता को पहचान दिलाने में गुरुजी का योगदान अविस्मरणीय है। बोकारो गुरुजी के संघर्ष, कर्म और संकल्प की भूमि रही है तथा उनकी स्मृति में विकसित यह आरोग्य वन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा।

उन्होंने कहा कि गुरुजी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों को अपनाते हुए शिक्षा, सामाजिक सुधार, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जाए। उनका जीवन झारखंड की अस्मिता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।