गुमला। जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में पोजेगा गांव में गुरुवार की रात पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में पिता ने अपने ही 40 वर्षीय पुत्र कुलदीप यादव की टांगी से मारकर हत्या कर दी। इस घटना से परिवार और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात हरिनारायण यादव और उनके पुत्र कुलदीप यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर पिता ने टांगी से कुलदीप पर हमला कर दिया। हमले में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय कुलदीप शराब के नशे में था। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बताया जाता है कि कुलदीप यादव दूसरे राज्य में रहकर काम करता था। दशहरा पर्व मनाने के लिए वह अपने गांव पोजेगा स्थित घर आया हुआ था। इस घटना से गांव में मातम पसर गया है। हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है।
