रामगढ़। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को रामगढ़ जिले के राजाबेड़ा, ईचापुरी और बरतुआ गांवों में एकल अभियान के तहत संचालित एकल विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विद्यालयों की कार्यप्रणाली, बच्चों की पढ़ाई और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं की जानकारी ली।

राज्यपाल श्री गंगवार ने कहा कि देश का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए एकल अभियान सराहनीय कार्य कर रहा है। दूरदराज और कम आबादी वाले जिन क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों की पहुंच सीमित है, वहां एकल विद्यालय शिक्षा का प्रकाश फैलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इन विद्यालयों में सेवा दे रहे शिक्षकों के समर्पण और निष्ठा की खुले मन से प्रशंसा की।

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, हमेशा जिज्ञासु बने रहने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारत की राष्ट्रपति महोदया के संघर्षों से भरे जीवन का उदाहरण देते हुए बच्चों को उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य और अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संवर्द्धन के लिए पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

अभिभावकों के साथ चर्चा में राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि वे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उन्हें बाल मजदूरी जैसी कुप्रथाओं से दूर रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के मानसिक विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ पोषण पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है, और सरकार इस दिशा में पूरी तरह गंभीर है।

राज्यपाल ने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के प्रति आश्वस्त किया।