गोला (रामगढ़)। गोला थाना क्षेत्र के हेसापोड़ा गांव के ब्राह्मण टोला में चोरी की नीयत से घर में घुसे दो शातिर चोरों को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्वी सिंहभूम के परसुडीह थाना क्षेत्र के कोचकौली निवासी करीब 33 वर्षीय शाहील गंगराई उर्फ पिंटू और ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी करीब 36 वर्षीय कार्तिक मांझी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को सूचना मिली कि दोनों आरोपित हेसापोड़ा के ब्राह्मण टोला में स्वरूप पंडा और सोमनाथ पंडा के घर में चोरी करने की नीयत से घुसे हैं। सूचना मिलते ही गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों आरोपितों की घेराबंदी की और उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने पूर्व में कई स्थानों पर चोरी, डकैती, लूट और गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनके पास से चोरी में इस्तेमाल लोहे का गैता, लोहे के दो कब्जे और एक टूटा हुआ ताला बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, शाहील गंगराई के खिलाफ झारखंड और ओडिशा के विभिन्न थानों में कुल नौ मामले दर्ज हैं। इनमें चंपुआ, जोड़ा, हाटगम्हरिया और कुपाई थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, कार्तिक मांझी के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें प्लांट साइट, राउरकेला और झिरपाई थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। कार्रवाई में गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।