​धनबाद/कोलकाता। धनबाद पुलिस को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से एक बड़ी सफलता मिली है। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की फिराक में था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरने से ठीक पहले पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से फर्जी पासपोर्ट और वीजा बरामद किए गए हैं।

बंटी खान पर हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश रचने जैसे 12 से भी अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा है और वहां से दुबई भागने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस की एक विशेष टीम ने कोलकाता में दबिश दी और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे धर दबोचा।

इससे पहले धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के मुख्य गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया था, जब वह दुबई भाग रहा था। अधिकारियों के अनुसार, बंटी खान की गिरफ्तारी से वासेपुर गिरोह के वित्तीय लेनदेन और रंगदारी नेटवर्क को भारी झटका लगेगा।

​ पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और विदेश में बैठे प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।