कसमार। प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में बुधवार को एक लोमड़ी के हमले से दहशत फैल गई। लोमड़ी ने अलग-अलग स्थानों पर 12 लोगों को घायल कर दिया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। नावाडीह में घर के बाहर खेल रही साढ़े चार वर्षीय रूही कुमारी पर लोमड़ी ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बच्ची को बचाने पहुंचे उसके चाचा पर भी लोमड़ी ने हमला करने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार, लोमड़ी ने नावाडीह के अलावा बगदा, टांगटोना, पुरनी बगियारी, रघुनाथपुर और लालमटिया गांवों में भी लोगों को अपना निशाना बनाया। अचानक हुए हमलों से लोग सहम गए और ग्रामीणों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में रघुनाथपुर स्थित एक खेत में ग्रामीणों ने लोमड़ी को घेर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि लोमड़ी ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्होंने उसे मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने, जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
आज खास
विशेष
