गिरिडीह: नवजीवन नर्सिंग होम के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय बैडमिंटन टूर्नामेंट सह चैंपियनशिप का शुभारंभ शुक्रवार को गिरिडीह के इंडोर स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, डीएफओ मनीष तिवारी, डीडीसी स्मिता कुमारी और नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ ने बैडमिंटन का पहला शॉट लगाकर किया।
चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-7 से लेकर अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के अलावा पुरुष एवं महिला वर्ग की सिंगल और डबल्स स्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही हैं। प्रतिभागी अगले चार दिनों तक अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि हर माता-पिता को अपने बच्चों से बड़ी उम्मीदें होती हैं। बच्चों को केवल स्कोर बनाने पर नहीं, बल्कि बेहतर खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में इंडोर स्टेडियम के अमित कुमार, अमित तुरी, गिरिडीह जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के डॉ. शैलेंद्र चौधरी, नवजीवन नर्सिंग होम की सीएमडी स्वाति बागड़िया सहित कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
