रामगढ़। झारखंड राज्य किसान सभा की जीबी बैठक में किसान विरोधी नीतियों, भूमि बैंक और जमीन अधिग्रहण के मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता हजारीबाग किसान सभा के जिला अध्यक्ष प्रो. अनवर हुसैन ने की।
बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि 10 अगस्त 2026 को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर होने वाले राष्ट्रव्यापी जेल भरो अभियान को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने किसानों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
डॉ. बीएन ओहदार ने कहा कि भूमि बैंक रद्द नहीं किया गया और गैर मजरूआ जमीन की रसीद चालू नहीं हुई तो राज्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन कॉर्पोरेट घरानों को देने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में बगैर सहमति जमीन अधिग्रहण और कोल ब्लॉक के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। राज्यभर में 100 से अधिक स्थानों पर किसानों की गोलबंदी कर गिरफ्तारी देने की रणनीति बनाई गई।
इसके अलावा सदस्यता अभियान, प्रखंड व जिला सम्मेलन और नवंबर 2026 में राज्य सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में किसान सभा के कई पदाधिकारी और सैकड़ों किसान नेता मौजूद थे।
