हजारीबाग। बरही प्रखंड के डपोक पंचायत स्थित ओरपरता जंगल में जंगली हाथियों के हमले में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान बैजनाथ यादव (55 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बैजनाथ यादव गुरुवार शाम मवेशी चराने जंगल गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह जंगल के समीप उनका शव मिला। घटनास्थल की स्थिति से आशंका जताई जा रही है कि हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर बरही विधायक मनोज यादव मौके पर पहुंचे और हजारीबाग डीएफओ से बात कर मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है, जबकि शेष नौ लाख रुपये निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाएंगे। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
लोगों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में घूम रहे हाथियों के झुंड को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने और मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
