मेदिनीनगर। शहर थाना परिसर में नवनिर्मित महिला थाना भवन का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध होने से पुलिसिंग व्यवस्था सुदृढ़ होती है और पुलिस कार्य अधिक प्रभावी व संवेदनशील बनता है।

एसपी ने कहा कि नए थाना भवन से महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित मामलों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। थाना भवन में आम नागरिकों और पीड़ित महिलाओं के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ उनके प्रति मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पलामू पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करे। मौके पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव, प्रभारी सार्जेंट मेजर सुरेश राम, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, महिला थाना प्रभारी पार्बती कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।