केरेडारी/टंडवा। सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बेखौफ अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हजारीबाग के केरेडारी और चतरा के टंडवा सीमा पर स्थित पगार ओपी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहुल दुबे गैंग के कुख्यात अपराधियों को घेर लिया।

गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने खदेड़ कर हिरासत में ले लिया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध हथियार और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जब्त किया है।घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, वहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधी कोयला परियोजना क्षेत्र में लेवी (रंगदारी) वसूलने की नीयत से इकट्ठा हुए थे। राहुल दुबे गैंग के सदस्य पहले भी कोयला कारोबारियों और परियोजना क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग और रंगदारी मांगने जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार,राहुल दुबे गैंग के अन्य नेटवर्क का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।